#बालाघाट
प्रभावित क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास विभाग की संवेदनशील पहल
कंट्रोल रूम बना राहत, स्वास्थ्य एवं समन्वय का सशक्त केंद्र
बालाघाट जिले के बीमारी से प्रभावित बैहर एवं बिरसा विकासखंड के ग्रामीणों को समय पर राहत, स्वास्थ्य सेवाएं एवं पोषण सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वन स्टॉप सेंटर, बैहर में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
संयुक्त संचालक जबलपुर श्रीमती मनीषा लुम्बा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुंदरियाल के मार्गदर्शन में संचालित यह कंट्रोल रूम विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कंट्रोल रूम के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों के सहयोग से प्रभावित गांवों में घर-घर पहुंचकर परिवारों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। विशेष रूप से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य प्रभावित सदस्यों का चिन्हांकन कर उनके स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जा रही है।
प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने के साथ आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता एवं उनके नियमित सेवन की भी निगरानी की जा रही है। इसके अलावा बच्चों के वजन एवं पोषण स्तर की जांच, वजन अभियान तथा पूरक पोषण आहार की अंतिम छोर तक उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मैदानी अमला सक्रिय है।
कंट्रोल रूम की टीम प्रभावित परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दे रही है। विभाग का प्रयास है कि शासन की प्रत्येक राहत एवं पोषण सेवा समय पर प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद परिवार को आवश्यक सहायता से वंचित न रहना पड़े।
24×7 सक्रिय है कंट्रोल रूम
महिला एवं बाल विकास विभाग का यह कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रहकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों एवं अन्य मैदानी अमले से निरंतर संपर्क बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
संकट की इस घड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल प्रभावित परिवारों तक राहत, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के साथ प्रशासन की संवेदनशीलता, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत कर रही
है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mp_wcdmp