#बालाघाट
बीमारी से प्रभावित ग्रामों में आंगनवाड़ी सेवाओं को प्रभावी बनाने में जुटा महिला एवं बाल विकास विभाग
संयुक्त संचालक मनीषा लुंबा पांच दिनों से गांवों का भ्रमण कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण व्यवस्था की कर रहीं निगरानी
बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्रामों में आंगनवाड़ी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है। विभाग की संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती मनीषा लुंबा स्वयं पिछले पांच दिनों से प्रभावित ग्रामों का भ्रमण कर आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।
श्रीमती मनीषा लुंबा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुन्द्रियाल के साथ अडोरी, कोरका, बोंदारी, कुंडेकसा, घुम्मुर, गठिया, मातला, धर्मशाला, मछुरदा सहित अन्य ग्रामों के आंगनवाड़ी केंद्रों का लगातार भ्रमण कर रही हैं। इस दौरान वे आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था को स्वयं देख रही हैं तथा बच्चों का वजन भी कराया जा रहा है।
संयुक्त संचालक द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत सभी बच्चों को शासन की निर्धारित सेवाओं का लाभ नियमित रूप से मिले। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छता, साफ-सफाई तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रभावित ग्रामों में घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क भी किया जा रहा है। बच्चों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उनके लिए भोजन पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मैदानी स्तर पर निगरानी रखते हुए बच्चों के पोषण और आंगनवाड़ी सेवाओं को सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #minprdd #healthminmp #minphemp #mp_wcdmp