सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का जल्द होगा निष्पादन
डीएम ने बैंक और वेंडरों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने का दिया निर्देश
लखीसराय। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं जिला स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। बैठक में योजना के तहत लंबित सोलर लोन आवेदनों की बैंक और वेंडरवार समीक्षा की गई।
इस दौरान डीएम ने संबंधित बैंक अधिकारियों और वेंडरों से लंबित आवेदनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन करने और योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि बैंक और वेंडर आपसी समन्वय बनाकर काम करें, ताकि लाभुकों को योजना का लाभ मिलने में अनावश्यक देरी न हो।