ग्वालियर में बंद होटल के कमरों में छिपाए थे पटाखे, पुलिस ने ₹70 हजार से ज्यादा की सामग्री जब्त...
ग्वालियर में दीपावली से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जनकगंज पुलिस ने चावड़ी बाजार स्थित बंद शिवम होटल के कमरों में छिपाकर रखे गए पटाखों का जखीरा बरामद किया है। छापेमारी के दौरान सुतली बम, रॉकेट, अनार और मिर्ची पटाखों सहित कुल 70 हजार 450 रुपये की सामग्री जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक, राजेश बजाज के पास से 43 हजार 50 रुपये और विक्रम वाधवानी के कब्जे से 27 हजार 400 रुपये के पटाखे मिले हैं। दोनों आरोपी भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने पटाखों को सीलबंद कर जब्त किया और दोनों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।