'लोकतंत्र बचाओ आंदोलन' में जाने से रोकने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष छाबड़ी हाउस अरेस्ट
* आवाज़ दबाने से विचार नहीं दबते, रास्ते रोकने से संघर्ष नहीं रुकता: सुभाष छावड़ी
* मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की उठाई मांग
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रव्यापी 'लोकतंत्र बचाओ आंदोलन' में शामिल होने जा रहे जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष छाबड़ी को पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को उनके आवास पर नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया। सुबह से ही उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई।
अपनी नजरबंदी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सुभाष छाबड़ी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन करार दिया। उन्होंने कहा, "यह कैसी आज़ादी है जहाँ विपक्ष को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार भी नहीं है? लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ को दबाने के बजाय सुना जाना चाहिए, लेकिन इस तरह के पुलिसिया पहरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले नहीं तोड़ सकते। आवाज़ दबाने से विचार नहीं दबते और रास्ते रोकने से जनता का संघर्ष कभी कमजोर नहीं पड़ेगा।"
संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए छावड़ी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी सत्ता के इस दमन के आगे झुकने वाली नहीं है। लाठियों, पुलिस और पहरों के डर से जनहित की लड़ाई नहीं थमेगी; संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस की आवाज़ बुलंद रहेगी और यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
Rewari, Rewari | Oct 9, 2026