*मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीसी से की समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक
डीसी अभिषेक मीणा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वीसी से जुड़े
वीसी उपरांत डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए दिशा-निर्देश
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल की राज्य स्तरीय बैठक में समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। सभी जिलों के साथ की गई वीसी में रेवाड़ी लघु सचिवालय से डीसी अभिषेक मीणा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जुड़े। वीसी उपरांत डीसी ने जिला के विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों के साथ समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। सभी अधिकारी शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा करते हुए उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी पोर्टल पर सही तरीके से अपलोड करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत ओवरड्यू नहीं होनी चाहिए। शिकायत के निपटारे के बाद एटीआर को सभी आवश्यक तथ्यों एवं दस्तावेजों के साथ सही तरीके से अपलोड किया जाए।
डीसी ने बताया कि समाधान प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करना है। ऐसे में सभी अधिकारी प्रत्येक मामले की गंभीरता से समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन एवं विभिन्न हितधारकों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहकर समाधान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रत्येक शिकायतकर्ता को उचित एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा निस्तारित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है, जिसका लाभ सीधे रूप से नागरिकों को मिल रहा है। बैठक में एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम दलबीर सिंह, सीटीएम जितेंद्र कुमार और डीआरओ प्रदीप देशवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
--------------
*कैप्शन :- लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर समीक्षा बैठक में दिशा निर्देश देते हुए डीसी अभिषेक मीणा।*
----------
Rewari, Rewari | Oct 9, 2026