शासकीय एकीकृत हाई स्कूल किंन्द्री में महिला एवं बाल सुरक्षा, विधिक अधिकारों तथा पोषण संबंधी विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में 15 अक्टूबर 2026 को शासकीय एकीकृत हाई स्कूल किंन्द्री, विकासखंड मण्डला में वन स्टॉप सेंटर द्वारा हब एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत निर्धारित मासिक थीम के अनुरूप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले द्वारा छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक आधारित हिंसा तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्होंने लिंग परीक्षण को दंडनीय अपराध बताते हुए इससे संबंधित वैधानिक प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। साथ ही संतुलित पोषण, स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा हाथ धोने की निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया।
पैरालीगल वॉलेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, हिट एंड रन योजना, पीड़ित प्रतिकर योजना, यातायात नियमों, शिक्षा के अधिकार, समानता के अधिकार, लोक अदालत तथा नागरिकों के नैतिक कर्तव्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया।
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र कुमार चंदैश तेकाम एवं कुमार राजकिशोर भारतीय को उपहार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेश कुमार चौधरी, शिक्षक श्री अनसार अहमद खान, श्री व्ही.पी. भवेदी, श्रीमती सरोज साहू, श्रीमती पुष्पा धूमकेती, श्रीमती रुचि सैनी, डॉ. रवि कुमार हरदहा तथा वन स्टॉप सेंटर के बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्री हरिशंकर कछवाहा सहित विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Mandla, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026