स्मार्ट मीटर स्थापना के साथ उपभोक्ताओं को ‘स्मार्ट बिजली ऐप’ के उपयोग के प्रति किया जा रहा जागरूक
विद्युत उपभोक्ताओं को पारदर्शी, सुलभ एवं आधुनिक विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मण्डला विद्युत वितरण वृत्त अंतर्गत स्मार्ट मीटर स्थापना तथा उपभोक्ता जागरूकता की कार्यवाही की जा रही है। अधीक्षण अभियंता श्री यू.एस. पाराशर के मार्गदर्शन एवं सहायक अभियंता मण्डला (शहर) श्री ब्रजेश उईके के नेतृत्व में विभागीय अमले द्वारा उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा रहे हैं।
स्मार्ट मीटर स्थापना के दौरान विभागीय टीम द्वारा उपभोक्ताओं को ‘स्मार्ट बिजली ऐप’ की उपयोगिता एवं संचालन प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं को जानकारी दी गई कि ऐप के माध्यम से वे अपनी दैनिक विद्युत खपत एवं उपलब्ध मीटर रीडिंग का अवलोकन कर सकते हैं। इससे विद्युत खपत की नियमित निगरानी करने तथा ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने में सहायता मिलेगी।
अभियान के दौरान अधिक विद्युत खपत से संबंधित शिकायतें प्राप्त होने पर विभागीय अमले द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं शंकाओं को सुना गया तथा ऐप के माध्यम से दैनिक खपत की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही, विद्युत खपत का नियमित अवलोकन कर अनावश्यक विद्युत व्यय को नियंत्रित करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
विभागीय टीम द्वारा दी गई जानकारी एवं शंकाओं के समाधान से संतुष्ट उपभोक्ताओं ने सहमति के साथ अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर स्थापित करवाए। इस पहल का उद्देश्य विद्युत खपत के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करना, डिजिटल सेवाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा विद्युत सेवाओं में पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Energy Madhya Pradesh
11 views | Mandla, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026