देर रात एसपी ने कासगंज कोतवाली में मारा छापा, अभिलेखों से लेकर मिशन शक्ति केंद्र तक जांचा
अपराध नियंत्रण, वांछितों की गिरफ्तारी और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण को लेकर दिए सख्त निर्देश
कासगंज। पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह ने 28 अगस्त की देर रात थाना कोतवाली कासगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, अभिलेख, अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र सहित बैरक, भोजनालय और थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। अभिलेखों को अद्यावधिक एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश संबंधित पुलिसकर्मियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति की समीक्षा करते हुए टॉप-10 एवं सक्रिय अपराधियों तथा हिस्ट्रीशीटरों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। वांछित, वारंटी और पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी के साथ ऑपरेशन क्लीन व ऑपरेशन त्रिनेत्र की प्रगति की भी समीक्षा की गई। रात्रि गश्त, पिकेट, पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए एसपी ने गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। थाने पर आने वाले पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं से शालीनता एवं संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं पर तत्काल न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला बीट पुलिस अधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एंटी रोमियो टीम को सक्रिय रखते हुए स्कूल-कॉलेज, बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर कस्बे के मुख्य बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के अंत में एसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक थाना कासगंज जगदीश चन्द्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।