रक्षाबंधन पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की जानकारी, एआरटीओ ने दिए सुरक्षा और सम्मान के निर्देश
कासगंज। रक्षाबंधन त्योहार के दृष्टिगत रोडवेज बस स्टैंड कासगंज में महिला यात्रियों को सरकार द्वारा घोषित निःशुल्क बस यात्रा के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं को यात्रा सुविधा एवं परिवहन निगम की व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया।
एआरटीओ आरपी मिश्र ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के चालक एवं परिचालकों को निर्देशित किया कि रक्षाबंधन के दौरान महिला यात्रियों के साथ अच्छा एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित और सम्मान के साथ उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए।
एआरटीओ ने चालक-परिचालकों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा महिला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।