रक्षाबंधन पर बद्रेश्वर अखाड़े में गूंजी पहलवानों की हुंकार, तूफान पहलवान ने जीती ₹20 हजार की आखिरी कुश्ती
सोरोंजी। तीर्थ नगरी सोरों शूकर क्षेत्र स्थित बद्रेश्वर अखाड़े पर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पहलवान पंडित उपेंद्र तिवारी की स्मृति में भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दंगल में विभिन्न जनपदों के साथ-साथ कई राज्यों से आए पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेच दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि देवेन्द्र सिंह राजपूत एवं चेयर मैन रामेश्वर दयाल महेरे ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती प्रारंभ कराकर किया। इस दौरान आयोजक मंडल की ओर से मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
दंगल में अलग-अलग भार वर्गों में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। अखाड़े में पहलवानों ने जोरदार दांव-पेच और शानदार कुश्ती का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
दंगल की आखिरी और मुख्य कुश्ती कासगंज के ग्राम सिरावली निवासी तूफान पहलवान ने अपने नाम की। विजेता तूफान पहलवान को नकद ₹20,000 की पुरस्कार राशि एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
दंगल कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद हरिकांत तिवारी तथा दंगल संयोजक सभासद रमाकांत तिवारी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दंगल कमेटी के सदस्य दीपक वर्षणीय, मुनीश बघेल, सुनील माहेश्वरी, अभिषेक शर्मा, सोनू महाकाल, मुन्नालाल पहलवान, विशाल चौहान सहित बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे।