समाहरणालय, पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:- 1891,
दिनांक:- 13 नवंबर 2026
====================
रूस में अगलगी की घटना में मृत प्रवासी श्रमिक मो. मुंतशिर का पार्थिव अवशेष पूर्णिया पहुंचा, परिजनों को सौंपा गया:-
दिनांक 11 मई 2026 को रूस के इवानोवो शहर में हुई अगलगी की घटना में ग्राम चन्नी, थाना रौटा, जिला पूर्णिया निवासी प्रवासी श्रमिक मो. मुंतशिर की मृत्यु हो गई थी।
मृतक के परिजनों द्वारा आर्थिक असमर्थता का हवाला देते हुए श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन से मृतक के पार्थिव अवशेष को रूस से उनके पैतृक निवास स्थान, पूर्णिया तक लाने हेतु विशेष अनुरोध किया गया था।
इस संबंध में जिला पदाधिकारी, पूर्णिया के सहयोग एवं पहल पर मृतक के पिता का डीएनए (DNA) परीक्षण पटना स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) में कराया गया। डीएनए जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत उसे बिहार भवन, नई दिल्ली एवं रूस स्थित भारतीय दूतावास के साथ साझा किया गया, जिसके बाद मृतक के पार्थिव अवशेष को भारत लाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
इसी दौरान दिनांक 12 नवंबर 2026 को मृतक मो. मुंतशिर का पार्थिव अवशेष विमान के माध्यम से रूस से नई दिल्ली लाया गया। तत्पश्चात श्रम विभाग के समन्वय एवं सहयोग से पार्थिव अवशेष को रौटा, पूर्णिया स्थित उनके पैतृक निवास स्थान तक सुरक्षित पहुंचाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
इस प्रकार जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग के समन्वित प्रयास से विदेश में असामयिक मृत्यु के शिकार प्रवासी श्रमिक का पार्थिव अवशेष उनके परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
#cmsamrat
#samratchoudhary
#pmmodi
Purnia, Bihar | Nov 13, 2026