समाहरणालय, पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:-1887,
दिनांक:- 13 नवंबर 2026
====================
सिटी काली बाड़ी घाट पर अग्निशमन व्यवस्था एवं एसडीआरएफ की तैयारियों का पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण:-
आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर संभावित भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रभारी जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री मुकेश कुमार मुकुल के निर्देशानुसार शुक्रवार को सिटी काली बाड़ी घाट का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी (DFO), पूर्णिया द्वारा घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया। इस क्रम में किसी भी आकस्मिक अग्निकांड की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु दमकल वाहनों की तैनाती, पानी की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई। साथ ही संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
वहीं, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी (ADMO), पूर्णिया द्वारा नदी घाट पर डूबने की घटनाओं की रोकथाम हेतु की गई सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान घाट पर तैनात एसडीआरएफ (SDRF) की टीम एवं गोताखोरों की तत्परता, मोटरबोट, लाइफ जैकेट, महाजाल सहित अन्य बचाव उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता का निरीक्षण किया गया। उन्होंने एसडीआरएफ की टीम को पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहने तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक लगाने का निर्देश दिया।
दोनों पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से घाट पर प्रतिनियुक्त स्थानीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय स्थापित कर पूरी तत्परता से कार्य करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
#cmsamrat
#samratchoudhary
#pmmodi
Purnia, Bihar | Nov 13, 2026