विदिशा विधानसभा क्षेत्र में विकास एवं निर्माण कार्यों की विधायक मुकेश टंडन ने की समीक्षा, समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
-----------------------------------
भूमि विवाद एवं भूमि उपलब्धता के कारण लंबित निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश
सांसद खेल महोत्सव के पंजीयन में तेजी लाने और ग्राम पंचायतों एवं शिक्षण संस्थाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर
-----------------------------------
विदिशा। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-144 विदिशा में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा आज विधायक श्री मुकेश टंडन की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आहूत समीक्षा बैठक में जनपद पंचायत विदिशा एवं ग्यारसपुर क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की कार्यवार समीक्षा की गई। बैठक में सांसद निधि, विधायक निधि, अधोसंरचना मद, सामुदायिक भवन, पंचायत भवन, आंगनवाड़ी भवन सहित अन्य विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। विधायक श्री टंडन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा अधिकारी नियमित रूप से निर्माण कार्यों की प्रगति की निगरानी करें।
विधायक श्री टंडन ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरपालिका, शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में ऐसे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली गई, जो भूमि विवाद अथवा भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रारंभ नहीं हो सके हैं। इस संबंध में विधायक श्री टंडन ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विदिशा एवं ग्यारसपुर को निर्देशित किया कि संबंधित निर्माण कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा भूमि संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक राजस्व कार्रवाई प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सकें।
▪️ सांसद खेल महोत्सव के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश -
बैठक में सांसद खेल महोत्सव के आयोजन एवं पंजीयन की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विधायक श्री टंडन ने अब तक हुए पंजीयन की जानकारी प्राप्त करते हुए जिला खेल अधिकारी को निर्धारित समयावधि में पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में अधिक से अधिक युवाओं एवं खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर परंपरागत खेलों के आयोजन को प्रोत्साहित करते हुए अधिकाधिक पंजीयन कराया जाए। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत विदिशा एवं ग्यारसपुर को ग्राम पंचायतों के माध्यम से व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार जिले की शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी को सभी संबंधित संस्थाओं से अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर जिला विदिशा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विदिशा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विदिशा एवं ग्यारसपुर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहे। #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026