ग्राम हांसुआ में बिना मेडिकल डिग्री के एलोपैथी पद्धति से इलाज करने पर शर्मा क्लिनिक सील
----------------------------------
निधि लोधी के औचक निरीक्षण में सामने आया मामला, क्लिनिक संचालक के पास नहीं मिली मेडिकल डिग्री
----------------------------------
विदिशा। जिले में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों एवं बिना निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के मरीजों का उपचार करने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज विदिशा ग्रामीण तहसीलदार श्रीमती निधि लोधी द्वारा ग्राम हसुआ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम हसुआ में शर्मा क्लिनिक संचालित होना पाया गया। क्लिनिक का संचालन राजेश शर्मा द्वारा किया जा रहा था। जांच के दौरान सामने आया कि क्लिनिक संचालक के पास किसी भी प्रकार की मान्य मेडिकल डिग्री अथवा चिकित्सा संबंधी शैक्षणिक योग्यता नहीं है। इसके बावजूद उनके द्वारा एलोपैथिक दवाइयों का उपयोग कर मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार श्रीमती निधि लोधी द्वारा मौके पर ही शर्मा क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया है कि प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा बिना आवश्यक योग्यता और निर्धारित अनुमति के चिकित्सा कार्य करने वालों पर प्रभावी रोक लगाना है। प्रशासन द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि उपचार कराने से पहले चिकित्सक की शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीयन की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। #vidisha