बड़ापुरा में विक रही अवैध शराब, जुआ और बढ़ते अपराधों पर फूटा वार्डवासियों का गुस्सा, एसपी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन सौंप की बंद कराए जाने की मांग, 15 दिन का अल्टीमेटम देकर दी आंदोलन की चेतावनी
दमोह। बड़ापुरा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, जुआ संचालन, चाकूबाजी और बढ़ते अपराधों के विरोध में वार्डवासी आज सोमवार दोपहर 1 बजे रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी आनंद कलादगी को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में वर्षों से संचालित अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने, जुआ अड्डों पर कार्रवाई करने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में पिछले एक वर्ष के दौरान कई चाकूबाजी की घटनाएं, तीन हत्याएं और कई गंभीर हमले हो चुके हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। वार्डवासियों ने हाल ही में पत्थर पटककर की गई कमलेश अहिरवार की हत्या के पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की भी मांग की। साथ ही बड़ापुरा से धरमपुरा, सीताबावली, आशाराम चौक और बिलवारी मोहल्ला मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई। वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि 15 दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर चक्काजाम और शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
वहीं इस दौरान मुख्य रूप से मोहनीश राव, नवीन बौद्ध, धर्मेंद्र रोहित, जुगेंद्र बौद्ध, बिंदु पटोटया, बिजेंद्र अहिरवार, महेंद्र अहिरवार सहित बड़ी संख्या में महिलाओं एवं वार्डवासियों की मौजूदगी रही।
Damoh, Damoh | Jun 16, 2026