सीतानगर बड़ी शाला में राम-जानकी प्रतिमा को लेकर विवाद, महामंडलेश्वर ने लगाए गंभीर आरोप
महंत संतोष दास बोले- प्रतिमा अमानत थी, मिश्रा परिवार की मांग पर सुरक्षित लौटा दी
दमोह/पथरिया। जिले के पथरिया विकासखंड स्थित प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र सीतानगर की बड़ी शाला में स्थापित अष्टधातु की राम-जानकी प्रतिमा को लेकर विवाद गहरा गया है। गढ़ाकोटा जगदीश मंदिर के महामंडलेश्वर महंत हरिदास ने प्रतिमा और उससे जुड़े चांदी के आभूषण गायब होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। वहीं बड़ी शाला के महंत संतोष दास ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए अपना पक्ष सामने रखा है।
महामंडलेश्वर महंत हरिदास ने चार दिन पूर्व पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सीतानगर बड़ी शाला में स्थापित करीब 400 वर्ष पुरानी प्राण-प्रतिष्ठित राम-जानकी की अष्टधातु प्रतिमा तथा उससे संबंधित चांदी के आभूषण मंदिर परिसर से हटा दिए गए हैं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ट्रस्ट की संपत्तियों और आर्थिक लेनदेन में अनियमितताओं की भी जांच कराने की मांग उठाई है।
इधर सोमवार दोपहर बड़ी शाला के महंत संतोष दास ने बयान जारी कर आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रतिमाएं मिश्रा परिवार की अमानत थीं, जिन्हें उनकी मांग पर सभी की मौजूदगी में सुरक्षित रूप से वापस सौंप दिया गया। उनका कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में किसी प्रकार की गोपनीयता नहीं बरती गई और प्रतिमाएं विधिवत उनके वास्तविक दावेदारों को लौटाई गई हैं।
महंत संतोष दास ने आरोप लगाया कि मंदिर के उत्तराधिकार और संपत्ति से जुड़े विवाद के कारण उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्भावनावश लगाए जा रहे आरोपों से धार्मिक संस्थान की छवि प्रभावित हो रही है, जिसकी वे निंदा करते हैं।
उधर मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिमा को लेकर उठे इस विवाद ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना दिया है। सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।
Damoh, Damoh | Jun 16, 2026