अवैध खनन पर प्रशासन सख्त: 2.87 करोड़ रुपये का राजस्व, 65 वाहन सीज
यमुनानगर, 19 अगस्त | राष्ट्रीय कदम ब्यूरो: जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से उपायुक्त प्रीति ने जिला सचिवालय के सभागार में जिला खनन समिति की बैठक की। बैठक में सभी एसडीएम, पुलिस, खनन, आरटीओ, सिंचाई एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला खनन अधिकारी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में खनन गतिविधियों से सरकार को 2 करोड़ 86 लाख 70 हजार रुपये (करीब 2.87 करोड़ रुपये) का राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 65 वाहनों को सीज किया गया तथा 11 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। वर्तमान में जिले में 4 खनन ब्लॉक संचालित हैं।
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पकड़े गए वाहनों को जब्त कर नियमानुसार चालान किए जाएं तथा वाहन मालिकों और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फर्जी ई-रवाना की भी गहन जांच करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पुलिस विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, मोबाइल टीमों को सक्रिय रखने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी को पंचायती भूमि पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और सरपंचों को सतर्क करने के लिए कहा।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में 288 स्क्रीन प्लांटों में से 183 तथा 191 स्टोन क्रेशरों में से 91 वर्तमान में संचालित हैं। उपायुक्त ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सेल्स टैक्स विभाग को बंद पड़े स्टोन क्रेशरों एवं स्क्रीन प्लांटों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम, डीएसपी, जिला खनन अधिकारी, डीडीपीओ, डीआईपीआरओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।