गोविंदपुरा स्कूल में विद्यार्थियों को सिखाया चार-बिन कचरा पृथक्करण
यमुनानगर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोविंदपुरा में नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम की ओर से विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत चार-बिन कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई। कार्यक्रम मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित किया गया। स्वच्छ भारत मिशन विशेषज्ञ आकाश कुमार ने पीपीटी के माध्यम से विद्यार्थियों को गीला, सूखा, सैनिटरी तथा विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण करने से उसके उचित निस्तारण और पुनर्चक्रण में मदद मिलती है। विद्यार्थियों को उद्योगों में ड्राई वेस्ट मैनेजमेंट की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक, कागज, गत्ता, धातु और कांच जैसे सूखे कचरे की छंटाई कर उन्हें रिसाइकिल किया जा सकता है, जबकि उपयुक्त गैर-रिसाइकिल सूखे कचरे से आरडीएफ तैयार कर ऊर्जा उत्पादन में उपयोग किया जा सकता है। कार्यक्रम में आरआरआर यानी रिड्यूस, रियूज, रिसाइकल के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को कचरे को संसाधन में बदलने, स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
फोटो - कचरा पृथक्करण के बारे विद्यार्थियों को समझाते विशेषज्ञ आकाश कुमार।