विशेष बिजली बिल सुधार शिविर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
=====================================
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध समाधान का दिया निर्देश
=====================================
मुजफ्फरपुर, 18 अगस्त 2026। जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर द्वारा आज विद्युत कार्यालय, भगवानपुर में आयोजित विशेष बिजली बिल सुधार शिविर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बिजली बिल सुधार से संबंधित प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने शिविर में उपस्थित उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विद्युत पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी पात्र आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विद्युत कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं सुगम विद्युत सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिविर की प्रभावी मॉनिटरिंग करने, प्राप्त आवेदनों का नियमित अनुश्रवण करने तथा अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को इस विशेष अभियान का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने शिविर में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।