मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में 415 आवेदनों में से 407 का मौके पर निराकरण
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत की अध्यक्षता में ग्राम उमराली में आयोजित हुआ शिविर
अलीराजपुर 20 नवंबर 2026 | कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत की अध्यक्षता में ग्राम उमराली स्थित आदिवासी बालक छात्रावास परिसर में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभ दिया गया ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री समर वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम , अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती सविता चौहान, जनप्रतिनिधि श्री विक्रम भयड़िया, श्री दिलीप चौहान, उमराली सरपंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से जनपद पंचायत सोंडवा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत उमराली, बड़ी उतावली, बड़ी वेगलगांव, बिलझरी, चनोटा, छोटी वेगलगांव, चिखोड़ा, डाबड़ी, घोघलपुर, लोढ़नी, मोराजी एवं सागबारा के ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवेदनों पर सुनवाई कर उनका निराकरण किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों को कुल 415 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 407 आवेदनों का निराकरण किया गया। विभागवार प्राप्त आवेदनों में जिला पंचायत के 181, राजस्व विभाग के 70, सामाजिक न्याय विभाग के 57, महिला एवं बाल विकास विभाग के 57 तथा श्रम विभाग के 44 आवेदन शामिल रहे। निराकृत प्रकरणों में पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता राशि एवं अन्य लाभों का वितरण भी किया गया।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना शासन की प्राथमिकता : कलेक्टर
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनविश्वास शिविरों के आयोजन से आमजन की समस्याओं, शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सकता है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में सभी संबंधित विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण हो सके।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना शासन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ लेने की अपील की। जन विशवास शिविर के माध्यम से 115 व्यक्तियों का स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं परामर्श भी दिया ।
#मुख्यमंत्री_जन_विश्ववास
CM Madhya Pradesh
Indore Commissioner
Jansampark Madhya Pradesh
#collector
#alirajpur
Alirajpur, Madhya Pradesh | Nov 20, 2026