कुराह में लग रहे लंगर को लेकर उठे सवाल, परमिशन, सफाई और नशे पर निगरानी की मांग
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 29 अगस्त 2026
मणिमहेश यात्रा के दौरान चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-154A पर कुराह के पास लगाए जा रहे लंगर को लेकर स्थानीय लोगों ने कुछ सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि लंगर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा करना सराहनीय कार्य है, लेकिन इसके साथ स्वच्छता, अनुशासन और प्रशासनिक नियमों का पालन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि कुराह के पास लंगर लगाने वाली समितियों ने क्या ग्राम पंचायत से आवश्यक अनुमति ली है। यदि अनुमति ली गई है तो लंगर संचालन के लिए किन शर्तों के साथ अनुमति दी गई है और लंगर समाप्त होने के बाद साफ-सफाई की जिम्मेदारी किसकी होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में लंगर स्थल पर कचरा न फैले और आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहे, इसके लिए आयोजकों और संबंधित प्रशासन को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
पिछले वर्ष की स्थिति का दिया हवाला
ग्राम पंचायत समिति कुराह के उत्तम सिंह ने पिछले वर्ष की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि लंगर स्थल के आसपास गंदगी का अंबार देखने को मिला था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में आपदा के दौरान लंगर संचालक वहां से चले गए थे, जिसके चलते श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उत्तम सिंह ने कहा कि बाहर से आने वाले लोग यहां सेवा भावना से आते हैं और स्थानीय लोग उनका स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि जितनी सेवा भावना बाहर से आने वाले लोगों में है, उतनी ही भावना स्थानीय लोगों में भी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय ग्रामीणों का उद्देश्य किसी भी लंगर समिति को परेशान करना नहीं है। उन्होंने कहा कि गांववासी मिल-जुलकर बाहर से आने वाली लंगर समितियों का सहयोग करते हैं और उनकी सेवा भावना का सम्मान करते हैं।
सफाई और नशे से किसी तरह का समझौता नहीं
उत्तम सिंह ने कहा कि जागरूक नागरिक होने के नाते स्थानीय लोगों का यह भी फर्ज बनता है कि यह देखा जाए कि लंगर की आड़ में किसी प्रकार का गलत कार्य तो नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि साफ-सफाई और नशे से जुड़े किसी भी मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान लंगर स्थलों पर समय-समय पर निगरानी रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल मिल सके और यात्रा के दौरान नशीले पदार्थों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
उन्होंने कहा कि लंगर समितियों को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए लंगर स्थल और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए।
प्रशासन से निगरानी की अपील
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रा के दौरान लगाए जाने वाले लंगरों की व्यवस्थाओं की समय-समय पर जांच की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी आवश्यक अनुमतियां और नियमों का पालन हो रहा है।
लोगों का कहना है कि लंगर सेवा आस्था और मानव सेवा से जुड़ा कार्य है। इसलिए सेवा भावना के साथ स्वच्छता, अनुशासन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है।
अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित पंचायत की ओर से कुराह में लगाए जा रहे लंगर को लेकर क्या व्यवस्थाएं और दिशा-निर्देश तय किए गए हैं।
Chamba, Chamba | Aug 29, 2026