सिंहुता में अंडर-14 छात्रों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने किया तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ, 28 स्कूलों के करीब 300 खिलाड़ी ले रहे भाग
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 29 अगस्त 2026।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंहुता में शनिवार को 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के छात्रों की तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में भटियात शिक्षा खंड के 28 स्कूलों के करीब 300 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता 29 से 31 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। इस दौरान विद्यार्थी वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और कुश्ती सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों का विशेष महत्व
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों, अध्यापकों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी नियमित समय और महत्व देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थी मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सक्षम बनते हैं। खेलकूद और शिक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं तथा खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे प्रतियोगिता में खेल भावना के साथ भाग लें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हार-जीत की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।
नशे से दूर रहने का किया आह्वान
कुलदीप सिंह पठानियां ने विद्यार्थियों से जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सफलता की सीढ़ी परिश्रम से होकर गुजरती है। प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। यदि युवा अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करें, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
कार्यक्रम से पूर्व उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा मनोहर लाल तथा एडीपीईओ महिंद्र ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा ने विद्यालय की खेल संबंधी वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चंद चेला, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मनोज महाजन, ग्राम पंचायत सिंहुता के प्रधान अनिल कुमार, उपप्रधान मदन, बीडीसी सदस्य शम्मी देवी व मुकेश, एसडीएम भटियात मनीष सोनी, मुख्य अरण्यपाल वन विभाग राकेश कुमार, डीएफओ डलहौजी डॉ. कुलदीप जंबाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग नरेंद्र चौधरी, एचपीएसईबीएल के पंकज राठौर, डीएसपी शेर सिंह, स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा तथा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रिंकु मैहरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#ChambaNews #Sihunta #Bhattiyat #SportsCompetition #Under14 #KuldeepSinghPathania #HimachalPradesh #SchoolSports #Chamba #PangiLiveNews
Chamba, Chamba | Aug 29, 2026