नारायणबगड़। चमोली जनपद के नारायणबगड़ विकासखंड में मंगलवार देर शाम मींग गधेरा-डांगतोली मोटर मार्ग पर एक मैक्स टैक्सी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन सवार महाविद्यालय मींग की तीन छात्राएं घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को एक मैक्स टैक्सी मींग गधेरे से निलाड़ी-सनेड़ की ओर जा रही थी। डांगतोली गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में वाहन सवार तीनों छात्राओं को चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी वाहन से पीएचसी नारायणबगड़ पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पीएचसी नारायणबगड़ की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने बताया कि घायल छात्राओं की पहचान ममता (18) पुत्री यशपाल सिंह, लक्ष्मी (18) पुत्री कुंवर सिंह और खुशबू (18) पुत्री शिशुपाल सिंह, निवासी मैदुनी गांव, के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ममता को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई हैं, जबकि अन्य दोनों छात्राओं को भी शरीर में चोटें लगी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
वहीं, दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डिजिटल न्यूज | नारायणबगड़, चमोली