*सरकार आपके द्वार पहुँचकर कर रही है समस्याओं का निराकरण- विधायक श्री श्याम बरडे*
.....
*मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत बड़वानी जिले के पानसेमल विकासखंड की 13 पंचायतों में आयोजित किए गए शिविर, 700 से अधिक आवेदन हुए प्राप्त*
.....
*स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को वितरित किए गए निःशुल्क संपत्ति अधिकार-पत्र (रजिस्ट्री)*
......
*विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए*
बड़वानी 16 अक्टूबर 2026/आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर निराकरण करने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा लोक सेवाओं को समय-सीमा में प्रदान करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बड़वानी जिले के पानसेमल विकासखंड के अंतर्गत आने वाले बंधारा बुजुर्ग क्लस्टर की 13 ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किए गए।
पानसेमल विकासखण्ड के ग्राम बंधारा बुजुर्ग में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के दौरान पानसेमल विधायक श्री श्याम बरडे श्री श्याम बरडे ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुँचाना है। इस अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं आपके द्वार आ रही है। शिविरों में जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर जनसमस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।
विधायक श्री बरडे ने बताया कि इस अभियान के तहत स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को निःशुल्क संपत्ति अधिकार-पत्र/रजिस्ट्री का लाभ प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे उन्हें अपनी ग्रामीण आबादी भूमि का मालिकाना हक मिल सकेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे आगे आकर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाएं, ताकि जिले एवं प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो सके और भारत विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में अग्रणी देश बन सके।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा सतत प्रयास कर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। स्वास्थ्य, कृषि एवं स्वरोजगार क्षेत्र से संबंधित अवसर भी नागरिकों को प्रदाय किए जा रहे हैं।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में संपत्तियों का ड्रोन और तकनीकी सर्वे कराकर ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिया जा रहा है। इस योजना से संपत्ति विवादों में कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों को अब रजिस्ट्री के लिए रजिस्ट्रार कार्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि यह कार्य उनकी अपनी ग्राम पंचायत में ही पूरी तरह निःशुल्क संपादित किया जा रहा है।
*अभियान के अंतर्गत प्राप्त हुए 700 से अधिक आवेदन*
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 16 अक्टूबर को विकासखण्ड पानसेमल की 13 पंचायतों में आयोजित शिविर के दौरान कुल 718 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से त्वरित कार्रवाई करते हुए 697 आवेदनों का निराकरण किया गया।
*हितग्राहियों को बांटे गए हितलाभ और ऋण स्वीकृति पत्र*
शिविर के दौरान विधायक श्री श्याम बरडे ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत मनकुई के श्री गुमान पिता सखाराम, श्री रमेश पिता नानला, श्री गब्बरसिंग पिता वागरिय और श्री दादुल पिता रुपसिंग को उनकी संपत्तियों के निःशुल्क अधिकार-पत्र/रजिस्ट्री सौंपें गए।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बड़वानी के उद्यम संवाद के तहत मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में श्री मयूर पाटिल को खाद्य उद्योग हेतु 20 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। वहीं पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत श्री अविनाश शिंदे को 50 हजार रुपए तथा श्री दीपक अनुष्ठान, श्री विनोद सेंधाने और श्री दिनेश पवार को 1-1 लाख रुपए की ऋण राशि स्वीकृत की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र, आजीविका एवं बैंक सखी प्रमाण-पत्र तथा टीवी मरीजों को पोषण आहार हेतु फूड बास्केट वितरित किए गए।
*गरिमामयी उपस्थिति*
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता, जनपद अध्यक्ष, जनपद पंचायत के सभी संबंधित सदस्यगण, 13 पंचायतों के सरपंचगण, ग्राम पटेल, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
12 views | Barwani, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026