प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक: 19.06.2026
आज दिनांक 19.06.2026 को जिला पदाधिकारी, लखीसराय की अध्यक्षता में लखीसराय जिले के दूरस्थ एवं सेवा वंचित क्षेत्रों में मोबाइल टावर की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि की पहचान, आवंटन एवं स्थानीय समन्वय से संबंधित विषय एवं इसके साथ ही बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु परीक्षा केंद्रों के चयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि दूरसंचार मंत्रालय, संचार विभाग, भारत सरकार द्वारा लखीसराय जिले में कुल चार मोबाइल टावरों की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय के आलोक में संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए संभावित स्थलों का चयन किया गया। चयनित स्थलों में हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम के निकट मोरवे डैम के पीछे का क्षेत्र, लटिया भगवा टोला (कोरासी) तथा सतघरवा महाजनवा शामिल हैं। इन स्थानों पर मोबाइल टावर स्थापित होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर दूरसंचार सुविधा उपलब्ध होगी तथा डिजिटल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि चयनित स्थलों पर भूमि उपलब्धता, आवश्यक अनुमतियों एवं अन्य प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि आम जनता को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधा मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।
इसके अतिरिक्त बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में संभावित परीक्षा केंद्रों के चयन पर भी चर्चा की गई। इस संदर्भ में कुल 10 स्थलों का चयन करने पर विचार किया गया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, सभी कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित उपस्थित रहे।
7 views | Lakhisarai, Bihar | Jun 19, 2026