प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक : 19 जून 2026
बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
जिलाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), लखीसराय की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से संबंधित विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बाल कल्याण समिति के समक्ष लंबित वादों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि बच्चों से जुड़े मामलों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने समिति के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए ताकि बच्चों के हितों की प्रभावी सुरक्षा हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गंभीरता एवं मानवीय दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समिति के सदस्यों को बच्चों के साथ मैत्रीपूर्ण वातावरण में कार्य करने तथा उनके सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बालकों के हितों की रक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए।
बैठक के दौरान बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा बच्चों के पुनर्वास, संरक्षण एवं कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उल्लेखनीय है कि बाल कल्याण समिति की समीक्षा बैठक प्रत्येक तीन माह पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की जाती है। इन बैठकों में बाल हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जाता है तथा बच्चों के मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की जाती है। जिला प्रशासन बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा बच्चों के सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बैठक मे पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त, श्री सुमित कुमार, जिला बाल संरक्षण इकाई की सहायक निदेशक श्रीमती वंदना पाण्डेय, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह, सदस्य सिम्मी कुमारी एवं सरिता कुमारी सहित जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल कल्याण समिति के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
7 views | Lakhisarai, Bihar | Jun 19, 2026