प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 19 जून 2026
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नीट यूजी पुनर्परीक्षा-2026 को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, लखीसराय एवं पुलिस अधीक्षक, लखीसराय की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा संचालन में प्रतिनियुक्त कोई भी पदाधिकारी या कर्मी परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र के अंदर-बाहर अनावश्यक आवाजाही नहीं करेंगे।
जिले में नीट यूजी पुनर्परीक्षा के लिए कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व प्रातः 9:00 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराए गए कर्मी ही बायोमेट्रिक सत्यापन का कार्य करेंगे। किसी भी स्थिति में बायोमेट्रिक कर्मियों में परिवर्तन नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थियों के बैठने हेतु कुर्सियों की व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन सूची तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश केंद्राधीक्षकों को दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में स्थित सभी फोटोकॉपी, स्टेशनरी, साइबर कैफे एवं अन्य संबंधित दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखा जाएगा। साथ ही केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे एवं टाइमर की कार्यशीलता की समुचित जांच संबंधित दंडाधिकारी द्वारा पूर्व में ही कर ली जाए। किसी प्रकार की तकनीकी समस्या पाए जाने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष एवं सफल संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, सभी कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित उपस्थित रहे।
5 views | Lakhisarai, Bihar | Jun 19, 2026