✅ तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरूवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय हरदा में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत छात्र-छात्राओं को तंबाकू का सेवन न करने, तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्रेरित करने हेतु शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. पीयूष दोगने ने बताया कि तंबाकू नियंत्रण संबंधी कानूनी प्रावधानों के अनुपालन को सुदृढ़ करने तथा शैक्षणिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू मुक्त वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में तंबाकू के विरुद्ध जागरूकता विकसित करना, तंबाकू के प्रयोग की शुरुआत को रोकना तथा तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों में विभिन्न विभागों एवं समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। यह अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलेगा। उन्होंने बताया कि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति जिला चिकित्सालय में संचालित तंबाकू व्यसन मुक्ति केन्द्र तथा राष्ट्रीय तंबाकू निषेध हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 पर संपर्क कर सकते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष यादव ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू से दूर रखकर स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण करना है, तंबाकू मुक्त युवा ही स्वस्थ भारत की पहचान है। इस अवसर पर प्राचार्य संतोष यादव, नितिन सोनी सहित समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#TobaccoFreeYouth #TobaccoFreeIndia #Harda #NTCP #YouthAwareness