✅ तवा नहरों पर सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
✅ रबी सीजन में किसानों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था होगी मजबूत
✅ हरदा जिले में 1.04 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में नहरों और तालाबों से होती है सिंचाई
जिले में रबी सीजन के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग द्वारा तवा नहरों के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से नहरों में पानी के बहाव और वितरण पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस व्यवस्था से जल वितरण को व्यवस्थित बनाने और नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री श्रीमती सोनम बाजपेयी ने बताया कि जिले में तवा नहरों के माध्यम से 1,02,068 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। इसके अलावा आमाखाल, जामुनिया और इमलीढाना तालाबों से 2,775 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलती है। उन्होंने बताया कि एचबीसी में अजनई, खोदियाखेड़ी, गुरदिया और झाड़पा वितरिका पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसी प्रकार एलबीसी में रेवापुर वितरिका, सामरधा वितरिका, सोनतलाई नहर के एस्केप और माचक वितरिका पर भी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से नहरों में पानी के प्रवाह और वितरण की स्थिति पर नजर रखना आसान होगा। इससे जल प्रबंधन में सुधार के साथ सिंचाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी और अंतिम छोर के किसानों तक भी पर्याप्त पानी पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Water Resources, Madhya Pradesh
#Harda #TawaCanal #CCTV #Irrigation #RabiSeason
1 views | Harda, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026