#बालाघाट
टीएल बैठक में हुई समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा
20 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा (टीएल) बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने समय सीमा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण के निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कौरव, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
उर्वरक वितरण एवं खरीफ फसलों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने सर्वप्रथम किसानों को उर्वरक वितरण एवं उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा की। इस दौरान उपसंचालक कृषि द्वारा बताया गया कि जिले में वर्तमान में 8861 मीट्रिक टन यूरिया, 106 मीट्रिक टन डीएपी, 9178 मीट्रिक टन एनपीके एवं 3806 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट उर्वरक उपलब्ध है। अगले 01 सप्ताह में लगभग 05 हजार मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक जिले को प्राप्त होने की संभावना है। किसानों को ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक का वितरण किया जा रहा है। जिले में उर्वरक की कमी नही है। उपसंचालक कृषि द्वारा बताया गया कि जिले में 03 लाख 14 हजार हे. क्षेत्र में खरीफ फसले लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 01 लाख 16 हजार हे. क्षेत्र में खरीफ फसले लगायी जा चुकी है।
उर्वरक वितरण में परेशानी न हो, 48 घंटे में मिले खाद
कलेक्टर श्री मीना ने इस दौरान उपसंचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी को सख्त निर्देश दिये कि किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी नही होनी चाहिए। जिले में किसी भी क्षेत्र से उर्वरक के लिए किसानों के लाईन में लगे होने की सूचना नही मिलना चाहिए। किसानों को ई-टोकन जनरेट होने के बाद 48 घंटे के भीतर उर्वरक मिल जाना चाहिए। जिला विपणन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सहकारी समितियों में उर्वरक पहुंचते ही उसकी आईडी शीघ्रता से जनरेट कराये, जिससे सहकारी समिति पीओएस मशीन के माध्यम से ई-टोकन वाले किसानों को उर्वरक का त्वरित वितरण कर सके।
जर्जर स्कूल भवनों की सूची शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश
कलेक्टर श्री मीना ने बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ जर्जर भवनों की सूची शीघ्रता से प्रस्तुत करें और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी जर्जर भवन में शाला की कक्षाऍ और छात्रावास संचालित न किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शालाओं का सांदीपनि विद्यालय में संविलयन हो चुका है, उनके शाला भवनों की सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराये, जिससे ऐसे भवनो का उपयोग अन्य विभागो द्वारा किया जा सके।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों की मरम्मत के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक ईकाइ, सडक विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गए कि हाल के दिनों में वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुल-पुलियों एवं सडको की शीघ्र मरम्मत कराये, जिससे आवागमन सुव्यवस्थित तरीके से हो सके। इसी प्रकार पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर बिजली के वायर नीचे लटक रहे है और जिनसे दुर्घटना की आशंका है उन्हें शीघ्रता से व्यवस्थित कराये।
राशन ई-केवाईसी, आंगनवाड़ी भवन और जल स्रोतों की सफाई पर जोर
जिला आपूर्ति अधिकारी को राशन प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं की ईकेवायसी का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिये गए। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत आंगनवाडी केंद्रो के भवनो का कार्य शीघ्र पूर्ण करने कहा गया। नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जल स्त्रोतो एवं पानी की टंकियों की नियमित रूप से सफाई कराये और उसके फोटो पोर्टल पर अपलोड करें। इस दौरान नगर पालिका बालाघाट के जल शोधन संयंत्र के प्रभारी के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए।
स्वरोजगार एवं कृषि-पशुपालन योजनाओं में ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गए और कहा गया कि ऐसे प्रकरणों में हर सप्ताह ऋण वितरण की प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाए को निर्देशित किया गया कि दुग्ध उत्पादन बढाने के लिए पशुपालन संबंधी योजनाओं में अधिक से अधिक पशु पालको के ऋण प्रकरण तैयार कर बैंक से ऋण उपलब्ध कराये। इसी प्रकार अक्षय ऊर्जा अधिकारी को कुसुम-बी योजना के अंतर्गत सोलर पंप के लिए अधिक से अधिक किसानों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गए। अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि वे सभी बैंको से समन्वय कर शासकीय योजनाओ में तत्परता के साथ ऋण वितरण कराये।
मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना एवं फसल बीमा की समीक्षा
बैठक में सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के अंतर्गत कृषि विभाग से प्राप्त प्रकरणों की जांच कर उसकी रिपोर्ट शीघ्रता से प्रस्तुत करे और कोई भी प्रकरण अनावश्यक लंबित न रहने दे। उपसंचालक कृषि को भी निर्देशित किया गया कि कृषि कार्य के दौरान दुर्घटना में मृत किसानों के प्रकरण शीघ्रता से तैयार कर जांच के लिए एसडीएम कार्यालय भिजवाए। बैठक में उपसंचालक कृषि एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारी को निर्दशित किया गया कि 31 जुलाई तक जिले के अधिक से अधिक किसानों का फसल बीमा करवाये।
खुले कुओं, ट्यूबवेल और बोरवेल को ढकने के निर्देश
कलेक्टर श्री मीना ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में खुले मुंह वाले कुऍ, ट्यूबवेल एवं बोरवेल की जनसुरक्षा के लिए लोहे की जाली या अन्य सामग्री से ढकने की व्यवस्था करवाये। यह व्यवस्था संबंधित कुऍ, ट्यूबवेल एवं बोरवेल के मालिक को करनी होगी, जिससे इनमें किसी तरह की दुर्घटना न हो और जनहानि न हो सके। यदि खुले कुऍ, ट्यूबवेल या बोरवेल में कोई दुर्घटना होगी तो उसके लिए उसके मालिक को जिम्मेदार माना जाएगा और उस पर कार्यवाही की जाएगी।
आईटीआई, डाईट भूमि संरक्षण और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर
बैठक में आईटीआई बालाघाट एवं डाईट के प्राचार्य को निर्देशित किया गया कि भवन निर्माण के लिए उन्हें आवंटित की गई शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न होने दे। बैठक में सीएम हेल्पलाईन और लोक सेवा गारण्टी अधिनियम के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई और इनका तत्परता के साथ समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये गए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi #minprdd #CooperativeDept
93 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 20, 2026