#बालाघाट
पोस्ट ऑफ द मंथ सम्मान: नवाचारों को डिजिटल पहचान देने वाले शिक्षकों का कलेक्टर ने किया सम्मान
बालाघाट जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों को डिजिटल मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने वाले शिक्षकों को "पोस्ट ऑफ द मंथ" सम्मान से सम्मानित किया गया। सोमवार 20 जुलाई को आयोजित विशेष समारोह में कलेक्टर मृणाल मीना (आईएएस) एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ (आईएएस) ने चयनित शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि विद्यालयों में किए जा रहे नवाचारों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को डिजिटल माध्यम से व्यापक पहचान मिलना शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से शिक्षकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आता है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सराफ ने भी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यालयों की प्रेरक गतिविधियों को समाज के सामने लाने से अन्य शिक्षकों को भी नवाचार अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मीना ने शासकीय प्राथमिक शाला सुकतरा की शिक्षिका दिनेश्वरी पटले एवं शासकीय हाई स्कूल ठेमा के शिक्षक दुरगलाल रंहगडाले को उनके नवाचार के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्माकनित किया। इस दौरान बताया गया कि जिले के विद्यालयों में संचालित नवाचारी गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और प्रेरणादायी प्रयासों को विनोबा ऐप सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है।
"पोस्ट ऑफ द मंथ" जैसी पहल शिक्षकों की रचनात्मकता को नई पहचान देने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, प्रभावी और प्रेरणादायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। समारोह के अंत में सभी सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए अधिकारियों ने भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार जारी रखने का आह्वान किया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump
88 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 20, 2026