जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 29 अगस्त 2014
*थाना लालगंज में तैनात महिला आरक्षी केसरी वर्मा का निधन, पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि*
बस्ती। जनपद बस्ती के थाना लालगंज पर नियुक्त महिला आरक्षी केसरी वर्मा का अचानक स्वास्थ्य खराब होने के कारण इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन में उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला कांस्टेबल केसरी वर्मा थाना लालगंज से अवकाश पर गई थीं। अवकाश समाप्त होने के बाद दिनांक 22.08.2026 को वह अपने घर जनपद प्रतापगढ़ से बस्ती आने के लिए मोटरसाइकिल से स्टेशन आ रही थीं, उसी दौरान रास्ते में दुर्घटना हो गई थी, जिससे उनके सिर में चोट आई थी।
इसके बाद वह अपने नियुक्ति स्थल थाना लालगंज पर वापसी कराकर थाने पर ही रहकर अपना इलाज करा रही थीं। महिला आरक्षी के पति कांस्टेबल नागेंद्र वर्मा भी थाना लालगंज जनपद बस्ती पर ही नियुक्त हैं।
आज दिनांक 29.08.2026 को रात्रि करीब 03:00 बजे महिला आरक्षी केसरी वर्मा की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। तत्काल उनके पति कांस्टेबल नागेंद्र वर्मा एवं थाने के अन्य कर्मचारियों के सहयोग से उन्हें जिला चिकित्सालय बस्ती लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक लालगंज मय पुलिस बल के जिला चिकित्सालय पहुंचे और नियमानुसार पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। दिवंगत महिला आरक्षी उम्र लगभग 30 वर्ष मूल रूप से जनपद प्रतापगढ़ की निवासिनी थीं। वह दिनांक 28.07.2018 को आरक्षी के पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुई थीं और तब से कर्तव्यनिष्ठा से अपनी सेवाएं दे रही थीं।
अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती व अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण की उपस्थिति में पुलिस लाइन में दिवंगत महिला आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत शोक धुन के बीच अधिकारियों व जवानों द्वारा शोक सलामी दी गई। मौजूद शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया गया और सांत्वना दी गई तथा उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी गई।
Basti, Basti | Aug 29, 2026