जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 29 अगस्त 2026
निदेशालय बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार के आदेश के क्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी *राजेश कुमार* के दिशा-निर्देश में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पोषाहार से बने व्यंजनों की भव्य रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नेफेड और प्लांट द्वारा दिए जा रहे पोषाहार से विविध प्रकार के व्यंजन बनवाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी *सार्थक अग्रवाल* और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट *अपूर्वा सिंह* रहीं। कार्यक्रम के आयोजक डीपीओ कार्यालय से *देवेंद्र कुमार मिश्रा* रहे तथा कार्यक्रम का सफल संचालन सीडीपीओ विक्रमजोत *बलराम सिंह* ने किया। इस अवसर पर हर्रैया सीडीपीओ *सचिन राय*, साऊघाट सीडीपीओ *किशन यादव* तथा बनकटी सीडीपीओ *जितेंद्र कुमार* ने मुख्य विकास अधिकारी और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को विभिन्न परियोजनाओं द्वारा लगाए गए रेसिपी काउंटरों पर ले जाकर प्रत्येक रेसिपी की उपयोगिता, उपलब्धता और बनाने की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर जिले की 15 परियोजनाओं से दो-दो मुख्य सेविकाओं और चार-चार आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। कार्यकर्त्रियों द्वारा पोषाहार सामग्री से लड्डू, बर्फी, खस्ता मठरी, मीठा दलिया, सहजन मिक्स पकौड़ी, इडली, मैक्स पूरी, खिचड़ी, बिस्किट, ठोकवा आदि स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर प्रदर्शित किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी स्टॉलों पर जाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों से संवाद किया और पूछा कि उन्होंने रेसिपी किस तरीके से बनाई है। उन्होंने यह भी पूछा कि आप लोग अपने क्षेत्र में लाभार्थी परिवारों को इस नवीन पोषाहार के प्रति कैसे आकर्षित कर रही हैं। इस पर कार्यकर्त्रियों ने बताया कि वे अपने सर्वे क्षेत्र में जाकर महिलाओं को बताती हैं कि इस पोषाहार से विभिन्न प्रकार की रेसिपी कैसे बनाई जा सकती है और इसमें स्थानीय साग-सब्जियों तथा सहजन की पत्ती का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है।
सीडीपीओ बलराम सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के माध्यम से लाभार्थियों का रुझान नवीन पोषाहार के प्रति बढ़ाना है।
मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह ने पूरे कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, मुख्य सेविकाओं और सीडीपीओ को बधाई दी और निर्देश दिया कि इस रेसिपी प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 29, 2026