जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 29 अगस्त 2026
*बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए 493 शिक्षक हुए प्रशिक्षित* सल्टौआ, बस्ती।* ब्लॉक संसाधन केंद्र सल्टौआ के सभागार में चल रहा एफ०एल०एन० प्रशिक्षण शुक्रवार को अंतिम बैच के साथ सम्पन्न हो गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सल्टौआ *अरुण कुमार यादव* ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए बीईओ अरुण कुमार यादव ने कहा कि यह प्रशिक्षण ब्लॉक में 22 जुलाई से लगातार चल रहा है, जिसमें प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत कुल *493 शिक्षकों व शिक्षामित्रों* ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। सभी गुरुजन विद्यालय पर जाकर बच्चों के बीच प्रशिक्षण में प्राप्त शिक्षण विधियों का उपयोग अवश्य करें, जिससे बच्चों को सीखने में सुलभता हो सके। इस प्रशिक्षण से बच्चों में बुनियादी साक्षरता, भाषा, गणित एवं अंग्रेजी विषय के शिक्षण को बेहतर बनाया जा सकता है। शिक्षण के दौरान गतिविधियों एवं टी०एल०एम० का प्रयोग बेहतर ढंग से किया जाए।
प्रशिक्षण के संदर्भदाता *बब्बन प्रसाद पांडेय, अनुराग श्रीवास्तव, भास्कर दूबे, ज्ञानचंद तिवारी एवं महावीर यादव* ने प्रतिभागियों को संदर्शिका आधारित शिक्षण, कार्यपुस्तिका का बेहतर उपयोग तथा एन०सी०ई०आर०टी० द्वारा दी गई कक्षा 4 की पाठ्य पुस्तकों - वीणा, गणित मेला तथा संतूर पर विस्तृत रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया। जिस विद्यालय पर शिक्षकों की संख्या कम है, वहां बेहतर कक्षा संचालन हेतु MGML के माध्यम से कक्षा संचालन हेतु विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया। विद्यालय में कमजोर बच्चों के शिक्षण हेतु रिमेडियल कक्षा शिक्षण के बारे में भी विस्तार से बताया गया, जिसे इस प्रशिक्षण में CATCH-UP के नाम से जाना गया।
प्रशिक्षण के हर बैच में शिक्षक व शिक्षामित्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही। प्रशिक्षण में PPT सहित अन्य तकनीकी कार्यों के संचालन में ब्लॉक क्वालिटी कोऑर्डिनेटर *नरेन्द्र आर्य* की भूमिका सराहनीय रही। साथ ही लेखाकार *जयवीर सिंह* व MIS *शकील अहमद* का भी विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संदेश कुमार रंजन, चंद्रभूषण पांडेय, सुरेंद्र पाठक, रामभरत वर्मा, रमेश चौधरी, मनोज तरुण, विशाल यादव, रामकिशोर, रमेश शुक्ला, केसरी मौर्या, सरफराज, साक्षी सिंह, डाली त्रिपाठी, रजनी, संयोगिता, प्रतिभा, शालिनी चौधरी, तुलिका त्रिपाठी, सत्येंद्र शुक्ल, मयूर श्रीवास्तव आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 29, 2026