बलिया में मेगा #विधिक सहायता #शिविर का आयोजन, जनपद #न्यायाधीश ने दिव्यांगजनों को #बांटी ट्राईसाइकिल
30 विभागों ने लगाए स्टॉल, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित
#बलिया, 1 नवंबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के तत्वावधान में रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित गंगा बहुउद्देशीय सभागार में मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शिविर का उद्देश्य समाज के कमजोर, असहाय एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाना रहा। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए 30 स्टॉलों का जनपद न्यायाधीश ने निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने लोगों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण तथा महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करनी चाहिए।
शिविर के दौरान जनपद न्यायाधीश ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, जिला प्रोबेशन अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने संबोधन में सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इसमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसान कल्याण योजनाओं तथा दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, श्रमिकों और दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को न्याय के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुलभ, निःशुल्क एवं त्वरित विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद लोगों तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है।
30 विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में राजस्व, श्रम, पंचायती राज, विकास, आवास एवं नगर विकास, डूडा, सूचना, आपदा प्रबंधन, आईटीआई, पुलिस, कृषि, बैंकिंग एवं ऋण योजनाओं, युवा कल्याण, वन, विद्युत, खनन, नगर पालिका, समाज कल्याण, कौशल विकास, जल शक्ति, परिवहन, जिला प्रोबेशन, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, शिक्षा, पशुपालन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने किया। इस अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम पुनीत कुमार गुप्ता, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट प्रथमकान्त, अपर प्रधान न्यायाधीश कमलापति, अपर जनपद न्यायाधीश प्रमोद कुमार गंगवार, सैफ अहमद, रामकृपाल, हरीश कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश पाण्डेय, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) गार्गी शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, मीडियाकर्मी और आमजन मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
#बलिया #विधिकसेवाप्राधिकरण #मेगाविधिकसहायताशिविर #जनपदन्यायाधीश #अनिलकुमारझा #दिव्यांगजन #ट्राईसाइकिलवितरण #निःशुल्कविधिकसहायता #जनकल्याणकारीयोजनाएं #सरकारीयोजनाएं #बलियान्यूज #BalliaNews