परसिया में 18 से 26 दिसंबर तक होगा श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ, तैयारियों को लेकर गठित हुई आयोजन समिति
#सन्तोष_तिवारी
#हल्दी_बलिया
विकास खंड बेलहरी के परसिया गांव स्थित भगवान पराशर ऋषि मंदिर परिसर में रविवार को श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 18 से 26 दिसंबर तक परम पूज्य श्री त्रिदंडी स्वामी जी के शिष्य परम पूज्य श्रीलक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज के सानिध्य में होने वाले महायज्ञ को भव्य रूप देने पर चर्चा हुई। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए समिति गठित कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में यज्ञ मंडप, प्रवचन स्थल, वाहन स्टैंड, प्रसाद वितरण केंद्र और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा स्वामी जी के प्रवास के लिए कुटिया निर्माण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए स्थानों का चयन किया गया। महायज्ञ की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न गांवों में निमंत्रण पत्र वितरित करने के लिए टीम भी गठित की गई।
सर्वसम्मति से गठित हुई आयोजन समिति
बैठक में सर्वसम्मति से सूर्य नारायण सिंह को अध्यक्ष, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को मुख्य संरक्षक, विद्याशंकर सिंह को कोषाध्यक्ष तथा कमलेश सिंह को सचिव बनाया गया। वहीं पूर्व मंत्री नारद राय सहित अन्य लोगों को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया।
बैठक में मौजूद वैष्णव भक्तों और धर्मप्रेमियों ने महायज्ञ को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए और तन-मन-धन से सहयोग का भरोसा दिलाया। आयोजकों ने कहा कि महायज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन, प्रसाद वितरण और ठहरने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों और वैष्णव भक्तों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
इस दौरान रमेश चंद्र मिश्र, ऊधौ चौबे, सुनील मिश्रा, रणधीर सिंह, नागेंद्र सिंह, ओमप्रकाश पांडेय, अशोक पांडेय, मनीष सिंह, प्रेम ओझा, अशोक त्रिवेणी सिंह, शत्रुघ्न सिंह, उदय प्रताप सिंह, मदद सिंह, चिंटू ओझा, संतोष पासवान, संपूर्णानंद, ओमप्रकाश खरवार, अनिल तिवारी, दिनेश पाठक, रमाशंकर सिंह, कमलदेव सिंह, भरत कुंअर, छितेश्वर यादव, अमरेंद्र मिश्र, वीर संतोष सिंह और कृष्णा सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।