गया में डकैती करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार अपराधी गिरफ्तार; 28 हजार नकद, सोना-चांदी और तीन बाइक बरामद
एसएसपी सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा, हथियार के बल पर घर में घुसकर लूटे थे गहने और नकदी; लूट के जेवर गलाकर बेचता था गिरफ्तार दुकानदार, अन्य अपराधियों की तलाश जारी
गयाजी। गया पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में घर में घुसकर हथियार के बल पर डकैती की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 28,390 रुपये नकद, 34.7 ग्राम सोना, 571 ग्राम चांदी, तीन मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और लूट से संबंधित अन्य सामान बरामद किए गए हैं। मंगलवार को एसएसपी सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई की खुलासा की। गिरफ्तार आरोपित जिले के अलग-अलग इलाकों में घरों में घुसकर लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के दौरान मोटरसाइकिल और टेंपो का इस्तेमाल किया जाता था। लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों को आपस में बांटने के बाद कुछ गहनों को गलाकर बेचा जाता था, ताकि पुलिस को उन तक पहुंचने में परेशानी हो।
रात में परिवार को बनाया निशाना, हथियार दिखाकर लूटे गहने
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि रात में मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक परिवार खाना खाने के बाद सो गया था। इसी दौरान अपराधी अवैध हथियार लेकर घर में घुस गए। परिवार के लोगों की नींद खुली तो अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर गृहस्वामी की पत्नी के सोने के जेवरात और घर में रखे बैग से करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 1085/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, तकनीकी जांच से मिला सुराग
एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और वजीरगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें मुफस्सिल थानाध्यक्ष, थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सूचना संकलन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की।इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि डकैती की घटना में शामिल एक संदिग्ध गेरे पुल स्थित मेहता पेट्रोल पंप के पास आया हुआ है। पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की तो संदिग्ध पुलिस बल को देखकर भागने लगा। सशस्त्र बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। उसकी पहचान विकास कुमार उर्फ बुट्टा, पिता विनोद साव, निवासी मानपुर ब्लॉक, थाना मुफस्सिल, जिला गया के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 22 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
दो बाइक बरामद, मोहम्मद शहनशाह भी गिरफ्तार
पुलिस ने विकास कुमार उर्फ बुट्टा से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। इसके बाद उसके एक अन्य साथी मोहम्मद शहंशाह, पिता मोहम्मद आमिन, निवासी मानपुर ब्लॉक, थाना मुफस्सिल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि डकैती में लूटे गए सामान को एक अन्य सहयोगी के घर में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने बताए गए ठिकाने पर छापेमारी कर घर की तलाशी ली। इस दौरान सोने के झुमके, बाली, नथिया, हनुमान लॉकेट, अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी के पायल, कृत्रिम आभूषण, बैग की चेन, पेटीएम साउंड बॉक्स, वाहन की नंबर प्लेट, नकदी और अन्य सामान बरामद किए गए।
सोना-चांदी गलाकर बेचने वाले दुकानदार की गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लूटे गए सोने-चांदी के कुछ आभूषणों को गलाकर बेचा जा रहा था। इसके बाद आरोपितों की निशानदेही पर सोने के दुकानदार शुभम कुमार वर्मा, पिता विरेंद्र प्रसाद वर्मा, निवासी जनकपुर वार्ड नंबर 50, थाना मुफस्सिल, जिला गया को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 20 ग्राम गलाया हुआ सोना और 400 ग्राम गलाया हुआ चांदी बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में सुनील मांझी उर्फ गोंगा, पिता बहन मांझी, निवासी गेरे घनकुट्टी, थाना मुफस्सिल को भी गिरफ्तार किया। इस तरह डकैती कांड में अब तक कुल चार आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
28,390 रुपये नकद और तीन मोटरसाइकिल जब्त
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया की करवाई के दौरान कुल 28,390 रुपये नकद, तीन मोटरसाइकिल, 34.7 ग्राम सोना, 571 ग्राम चांदी, एक मोबाइल फोन और कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में दो का इस्तेमाल कथित तौर पर वारदात में किया गया था, जबकि तीसरी बाइक लूट की रकम से खरीदे जाने की बात सामने आई है। पुलिस बरामद सामान का मिलान कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास, अन्य की तलाश जारी
एसएसपी सुशील कुमार ने बताया की गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में गया जिले के विभिन्न स्थानों पर लूट और डकैती की घटनाओं में उनकी कथित संलिप्तता की जानकारी मिली है। आरोपितों ने कुछ वारदातों में नकदी और आभूषण मिलने की बात भी बताई है। पुलिस इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मुफस्सिल और सिविल लाइंस थाना समेत अन्य थानों में दर्ज मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
#गयाजी
#गया_हो
#gayapolicenews
#GayaPolice
#बिहार
#gaya
#JitanRamManjhi
#patna