#बालाघाट
बीमारी से प्रभावित ग्रामों में घर-घर स्वास्थ्य सर्वे तेज, 3500 से अधिक लोगों की हुई जांच
बिरसा विकासखंड के ग्राम कोरका, कुडेकसा और बोंदारी में बीमारी फैलने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एहतियात के तौर पर बैहर एवं बिरसा विकासखंड के 40 ग्रामों को चिन्हित कर स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर पहुंचकर व्यापक स्वास्थ्य सर्वे अभियान शुरू किया गया है।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें चिन्हित गांवों के प्रत्येक घर में पहुंचकर परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही हैं और बीमार बच्चों एवं अन्य व्यक्तियों की पहचान कर रही हैं। सर्वे के दौरान किसी व्यक्ति या बच्चे के बीमार पाए जाने पर तत्काल उसकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर बेहतर उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराया जा रहा है। अब तक इस अभियान के तहत 3500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य सर्वे किया जा चुका है।
स्वास्थ्य सर्वे के साथ ही चिन्हित सभी ग्रामों में बीमारी की रोकथाम और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मलेरिया नियंत्रण के लिए दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है, वहीं फॉगिंग मशीनों के माध्यम से धुआं भी कराया जा रहा है। इसके अलावा गांवों में हैंडपंपों एवं अन्य जल स्रोतों की सफाई कर उनका क्लोरीनेशन किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं शासकीय स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की विशेष निगरानी की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन मिले।
छात्रावासों में भी बच्चों के भोजन और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शाला एवं छात्रावास परिसरों में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के साथ ही अपने माता-पिता और परिजनों को भी साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन का यह संयुक्त अभियान प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में बीमारी की रोकथाम, समय पर उपचार तथा लोगों को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लगातार जारी है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #minphemp #healthminmp #foodsuppliesmp #mp_husbandry