मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आज जिला चिकित्सालय श्योपुर में मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस. एन. बिंदल के निर्देशन में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. माखन शाक्य एवं डॉ. अरशद अयूब तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनीता मालवीय द्वारा मरीजों की जाँच, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का आकलन एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती ईवा रोजलीन, सहायक स्टाफ श्री रवि शर्मा सहित जिला चिकित्सालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
शिविर में लगभग 84 मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मरीजों की पहचान एवं जाँच की गई। मरीजों की स्थिति के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया।
सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एस. एन. बिंदल ने आमजन से अपील की कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक परेशानी होने पर संकोच न करें और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंद व्यक्तियों को उपचार उपलब्ध कराना तथा उनके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सकारात्मक व्यवहार रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. माखन शाक्य ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य का प्रभाव व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता, भावनाओं, व्यवहार, पारिवारिक संबंधों, कार्यक्षमता तथा सामाजिक जीवन पर पड़ता है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती हैं और इनका समय पर निदान एवं उपचार अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से सुधार संभव है। लगातार उदासी, अत्यधिक चिंता, नींद या भूख में बदलाव, सामाजिक गतिविधियों से दूरी, व्यवहार में असामान्य परिवर्तन अथवा स्वयं को नुकसान पहुँचाने के विचार जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में मनोरोग विशेषज्ञ की सहायता लेना आवश्यक है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Oct 10, 2026