स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27: मध्यप्रदेश के 9 शहरों की उपलब्धियों पर नई दिल्ली में अभिनंदन समारोह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों को दी बधाई, सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ मध्यप्रदेश बनाने का किया आह्वान
भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 के 10वें संस्करण के अंतर्गत मध्यप्रदेश के 9 शहरों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने पर नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सहभागिता करते हुए पुरस्कार विजेता शहरों के प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश के शहरों द्वारा किए गए कार्य सराहनीय हैं। यह उपलब्धि नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी, सामूहिक प्रयास और निरंतर प्रतिबद्धता का विषय है।