🚨मुख्यमंत्री धामी ने किया 74वें गौचर मेले का शुभारंभ, सिमली अस्पताल के समाधान के लिए बनेगी कमेटी
गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का लोकार्पण, स्थानीय व्यापार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर दिया जोर
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली के गौचर में आयोजित 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले की शुरुआत मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान स्थानीय कलाकारों और विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की।
मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान के बड़े मंच के रूप में स्थापित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का अवसर प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' अभियान को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हों। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत की जा रही है। चमोली के ऊनी उत्पादों, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए 'हाउस ऑफ हिमालयाज' ब्रांड शुरू किया गया है, जिसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली सहित पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
सिमली अस्पताल के मुद्दे पर कमेटी बनाने का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने और सभी संबंधित पक्षों की बात सुनने की बात कही। इसके अलावा प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आग्रह किया।
गौचर और गैरसैंण को मिली पेयजल योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गौचर नगरीय पेयजल योजना और 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को 'गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026' तथा वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को 'पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026' से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही राज्य की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को संरक्षित रखना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, विधायक अनिल नौटियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।