गया में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन! गांधी मैदान से अंबेडकर पार्क तक गूंजा ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की उठी मांग
राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस ने निकाला ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ मार्च, केंद्र सरकार पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का लगाया आरोप; महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही आकर्षण का केंद्र
गया। लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता के मुद्दे पर कांग्रेस ने बुधवार को गया की सड़कों पर अपनी ताकत दिखाई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के आह्वान पर गया में कांग्रेस पार्टी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल, इंटक एवं कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ निकला यह मार्च गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अस्थि कलश स्तूप से शुरू होकर अंबेडकर पार्क पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से बर्खास्त करने तथा इस्तीफा देने की मांग बुलंद की।
मार्च में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में पार्टी के झंडे, तख्तियां और लोकतंत्र बचाने के संदेश लिखे बैनर लेकर कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे। गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च राय काशीनाथ मोड़, गया व्यवहार न्यायालय और समाहरणालय होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंचा। पूरे रास्ते ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’, ‘वोट चोर, दिल्ली छोड़’, ‘मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो’, ‘ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो’ और ‘ज्ञानेश कुमार पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करो’ जैसे गगनभेदी नारे गूंजते रहे।
भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का लगाया आरोप
मार्च में शामिल बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि किशोर शिशु, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह सहित अन्य नेताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। नेताओं ने कहा कि भाजपा उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है। विपक्ष की आवाज को दबाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप झेल रही भाजपा अब लोकतंत्र बचाने के नाम पर पदयात्रा निकालने का ढोंग कर रही है। देश की जनता भाजपा की इस राजनीति और जुमलेबाजी को अच्छी तरह समझ चुकी है।
वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के आम लोगों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, लेकिन सत्ता पक्ष विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है। कांग्रेस ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी।
12 वर्षों के शासन पर उठाए सवाल, महंगाई से लेकर पेपर लीक तक मुद्दे उठाए
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में कथित वोट चोरी, संवैधानिक संस्थाओं को कठपुतली बनाने, बेतहाशा महंगाई, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं की अनदेखी, छात्र-युवाओं के साथ पुलिस बर्बरता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अधिकारों की अनदेखी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं।
नेताओं ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और चंदा चोरी जैसे मुद्दों पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। देश की 142 करोड़ जनता महंगाई और विभिन्न समस्याओं से परेशान है, लेकिन सरकार जनता की आवाज सुनने के बजाय विपक्षी दलों के आंदोलनों को दबाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जनता के अधिकारों की रक्षा भी लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े कांग्रेस नेता
मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। यदि जनता का विश्वास चुनावी प्रक्रिया से कमजोर होता है तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
‘बापू से अंबेडकर मार्च’ में महिलाओं की रही बड़ी भागीदारी
गांधी मैदान से अंबेडकर पार्क तक निकाले गए इस मार्च को कांग्रेस नेताओं ने ‘बापू से अंबेडकर मार्च’ की संज्ञा दी। मार्च की सबसे खास बात महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी कदम से कदम मिलाकर मार्च में हिस्सा लिया और लोकतंत्र की रक्षा के समर्थन में आवाज बुलंद की। नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान की रक्षा का संकल्प लेकर यह मार्च निकाला गया है।
इस दौरान नेताओं ने वार्ड संख्या 41 के लोकप्रिय पार्षद प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि किशोर शिशु की सक्रिय भूमिका और सहयोग की सराहना की तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे शामिल
मार्च में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि किशोर शिशु, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, सुनील कुमार पासवान, धर्मेंद्र कुमार निराला, इंदल पासवान, अनिल यादव, खिजीर हयात, नवाब अली, अर्जुन गुप्ता, शंभू शरण सिंह, मदन सिंह, आफताब आलम खान, सुजीत गुप्ता, सुमित्रा देवी, शिवानी देवी, सावित्री देवी, बरती देवी, सुनील रविदास, अनिल रविदास, प्रदीप मांझी, गोपी किशन, विनोद पासवान, वीरेंद्र मांझी और सुबोध कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, महिला कार्यकर्ता एवं पार्टी समर्थक शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जब तक उठाए गए मुद्दों पर जवाबदेही तय नहीं होती और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी चैन से नहीं बैठेगी।
#गयापुलिस
#GayaNews
#गयाजी
#गया_हो
#GayaPolice
#CrimeNews
#congressnews
#CongressParty
#BJPGovernment
Gaya Town CD Block, Gaya | Nov 4, 2026