*मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने घर-घर सत्यापन अभियान शुरू*
*9,013 शिफ्टेड एवं अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन पर विशेष फोकस, 701 मतदान केन्द्रों पर लगेंगे विशेष कैम्प*
*महाविद्यालयों एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में भी होंगे शिविर, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर*
*07, 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची के लिए लगेंगे विशेष शिविर*
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के उपरांत जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से घर-घर सत्यापन अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत मतदाता सूची में चिन्हित 9,013 शिफ्टेड एवं अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बीएलओ द्वारा संबंधित मतदाताओं के घर-घर पहुंचकर सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है।
सत्यापन के दौरान स्थानांतरित अथवा अनुपस्थित मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर मतदाता सूची को नियमानुसार अद्यतन किया जाएगा, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम सूची में यथावत रहें तथा अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
*701 मतदान केन्द्रों पर विशेष कैम्प*
मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को व्यापक एवं सुगम बनाने के लिए जिले के सभी 701 मतदान केन्द्रों पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन कैम्पों में नागरिक अपने नाम की मतदाता सूची में जांच कर सकेंगे तथा नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण अथवा अन्य आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्धारित प्रपत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
*18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का होगा विशेष पंजीयन*
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए जिले के सभी महाविद्यालयों एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे.पी. यादव ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य करें। यदि नाम दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता, आयु आदि में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुधार एवं पंजीयन की कार्यवाही कराएं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद घर-घर सत्यापन अभियान के माध्यम से 9,013 शिफ्टेड एवं अनुपस्थित मतदाताओं का सत्यापन प्राथमिकता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों के साथ-साथ महाविद्यालयों एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर 01 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का मतदाता पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा।
*मतदान केन्द्र क्रमांक 178 पिण्डरूखी में मतदाता सूची संबंधी कार्य संपन्न*
मतदान केन्द्र क्रमांक 178, ग्राम पिण्डरूखी में मतदाताओं के नाम जोड़ने सहित मतदाता सूची से संबंधित अन्य आवश्यक कार्य किए गए। मतदाताओं की सुविधा एवं सूची को अद्यतन करने के उद्देश्य से 07, 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने सहित अन्य संबंधित कार्यों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
कलेक्टर ने जिले के नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे विशेष कैम्पों में पहुंचकर अपने नाम की मतदाता सूची में जांच करें और पात्र होने पर मतदाता के रूप में अपना पंजीयन अवश्य कराएं। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
#sevasankalap #sevasankalapabhiyan #CMYouthConclave2026 #collectordindori #jansampark #Dindori #VoterList #ElectionCommission #VoterRegistration #SVEEP #MadhyaPradesh #Election2026 #VoterAwareness #Democracy #MatdataJagrukta