*प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान में पौधारोपण, नशामुक्ति एवं शासकीय योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक*
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मेंहदवानी द्वारा प्रस्फुटन शक्ति संचय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के राज्य सलाहकार श्री शिवनारायण पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदे मातरम् गान के साथ किया गया। अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया गया।
जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान, नवांकुर सखी हरियाली यात्रा तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रस्फुटन समितियों द्वारा पिछले माह किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी माह की कार्ययोजना से प्रतिभागियों को अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक डॉ. नीलेश्वरी वैश्य ने किया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राम सिंह ने अपने उद्बोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.एल. धुर्वे ने पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग की सेक्टर प्रभारी सुश्री आसमा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की, जबकि एपीओ श्री अशोक कुडापे ने जीरामजी योजना के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में समिति सदस्य श्री चमर सिंह पुशाम ने पौधारोपण पर आधारित प्रेरक गीत प्रस्तुत किया।
राज्य सलाहकार श्री शिवनारायण पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थय, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता सभी आवश्यक हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण, युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित ग्राम के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में वन विभाग के श्री संदीप नामदेव ने छोटे-छोटे वन विकसित करने तथा नदी तटों पर पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज जैन के साथ सभी प्रतिभागियों ने आईटीआई परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
#Dindori #MadhyaPradesh #JanAbhiyanParishad #PrasphutanShaktiSanchay #PlantationDrive #EkPedMaaKeNaam #GoGreen #EnvironmentalProtection #TreePlantation #GreenInitiative #SayNoToDrugs #DrugFreeIndia #AwarenessCampaign #GovernmentSchemes #RuralDevelopment #CommunityParticipation #SustainableDevelopment #EmpoweringCommunities #ViksitBharat #PublicAwareness #jansampark #collectordindori
Dindori, Madhya Pradesh | Aug 7, 2026