#भरतपुर। शहर कोतवाली थाना इलाके में बीती रात चोरों ने एक कपड़ों के शोरूम को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर शोरूम के ऊपर का गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। शोरूम मालिक धीरेंद्र शर्मा के मुताबिक, रविवार रात वे रोजाना की तरह शोरूम बंद करके घर गए थे। सोमवार सुबह मैनेजर ने फोन कर दुकान के अंदर सामान बिखरा होने की सूचना दी। जब मालिक मौके पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। शोरूम से करीब 3 लाख रुपये से अधिक कीमत के ब्रांडेड कपड़े गायब थे, साथ ही गल्ले में रखे लगभग 25 हजार रुपये कैश भी नदारद थे। चोरी की इस वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने शोरूम के ऊपर रखा इन्वर्टर बंद कर दिया, जिससे अंदर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए। इसके बाद बड़े आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि चोर आने वाले सीजन के लिए मंगाए गए 'ड्यूक' ब्रांड के नए कपड़े ही समेटकर ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब आसपास की दुकानों और बगल वाले शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।