#भरतपुर। जिले में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत 24 सितंबर से 30 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर राजकीय व निजी अस्पतालों के अंदर संचालित कैंटीन, रसोई तथा आसपास के खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण व नमूनीकरण किया जा रहा है। अभियान के तहत 24 सितंबर को नदबई व हलैना क्षेत्र के राजकीय चिकित्सालयों के आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों व भोजनालयों का निरीक्षण किया गया। 25 सितंबर को बयाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास के प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव, खाद्य तेल व अन्य पदार्थों की गुणवत्ता सहित खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। संतोषजनक सफाई नहीं मिलने पर संचालकों को निर्देश दिए गए। 26 सितंबर को शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल के आसपास के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मौके पर नमूने लिए गए। आवश्यक पाए जाने पर सुधार नोटिस देकर मानकों के पालन के निर्देश दिए गए। 28 व 29 सितंबर को शिशु एवं महिला चिकित्सालयों की कैंटीन व रसोइयों का विशेष निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अस्पतालों के आसपास स्वच्छ व सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अभियान 30 सितंबर तक जारी रहेगा।