*भरतपुर: अस्पतालों के आसपास खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच, शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान जारी*
भरतपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर अविचल चतुर्वेदी के आदेशानुसार जिले में शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत 24 सितंबर से 30 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलेक्टर भरतपुर एवं सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर के निर्देशन में राजकीय व निजी अस्पतालों के अंदर संचालित कैंटीन, रसोई तथा आसपास के खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण व नमूनीकरण किया जा रहा है।
अभियान के तहत 24 सितंबर को नदबई व हलैना क्षेत्र के राजकीय चिकित्सालयों के आसपास संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों व भोजनालयों का निरीक्षण किया गया। 25 सितंबर को बयाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आसपास के प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव, खाद्य तेल व अन्य पदार्थों की गुणवत्ता सहित खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। संतोषजनक सफाई नहीं मिलने पर संचालकों को निर्देश दिए गए।
26 सितंबर को प्रदीप हॉस्पिटल, राज ट्रोमा, ऋगवेद हॉस्पिटल, एमजे हॉस्पिटल व विनोद गुप्ता हॉस्पिटल के आसपास के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मौके पर नमूने लिए गए। आवश्यक पाए जाने पर सुधार नोटिस देकर मानकों के पालन के निर्देश दिए गए।
28 व 29 सितंबर को शिशु एवं महिला चिकित्सालयों की कैंटीन व रसोइयों का विशेष निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अस्पतालों के आसपास स्वच्छ व सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अभियान 30 सितंबर तक जारी रहेगा।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश शर्मा, रूप सिंह, रोशन लाल यादव, योगेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।