#भरतपुर। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर रविवार रात बयाना का गांधी चौक देशभक्ति के तरानों और काव्य रस से सराबोर हो गया। साहित्य सेवा समिति बयाना की ओर से आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देशभर के नामचीन कवियों ने देर रात तक अपनी रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती और अमर शहीद भगत सिंह के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। सम्मेलन में संयोजक एवं वीर रस के कवि जगदीश खटाना की पंक्तियों "छपा दिल की दीवारों पर भगत सिंह मर नहीं सकता" ने पांडाल में मौजूद लोगों में राष्ट्रभक्ति का संचार कर दिया और पूरा परिसर भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। वहीं उदयपुर से आए हास्य कवि मनोज गुर्जर ने अपनी रचना के जरिए 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का सामाजिक संदेश दिया। गाजियाबाद की कवियित्री राधिका मित्तल ने देशभक्ति के साथ-साथ कौमी एकता पर अपनी बात रखी। कवि सम्मेलन के दौरान नाथद्वारा के कानू पंडित, फिरोजाबाद के विष्णु उपाध्याय, झालावाड़ के राजेश शर्मा 'लोटपोट' और वैर के बाबूलाल डींगिया ने भी हास्य-व्यंग्य और वीर रस की कविताओं से श्रोताओं को खूब हंसाया और मंत्रमुग्ध किया। साहित्य सेवा समिति के सचिव योगेश पाराशर, कोषाध्यक्ष जैनेन्द्र सूपा और मीडिया प्रभारी सुरेंद्र खटाना कैमरी की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन और सैकड़ों की संख्या में साहित्यप्रेमी देर रात तक डटे रहे।