मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0 के अंतर्गत वैज्ञानिक-किसान संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
केंद्रीय रेशम बोर्ड, सीएसबी-सीटीआरटीआई, रांची एवं तसर अग्र परियोजना केंद्र इनारावरण द्वारा “मेरा रेशम मेरा अभिमान 2.0” के अंतर्गत दिनांक 11 सितंबर 2026 को बांका जिले के कटोरिया प्रखंड अंतर्गत भोर्सार गांव में वैज्ञानिक-किसान संवाद कार्यक्रम तथा चानन प्रखंड अंतर्गत सतभैया गांव में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों में क्षेत्र के 60 से अधिक किसानों एवं लाभार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री के.के. भारती, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (DIC), बांका ने किसानों से संवाद करते हुए तसर रेशम उत्पादन एवं संबंधित गतिविधियों को ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को प्रेरित किया कि वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं गुणवत्ता में सुधार करते हुए अपनी आय में वृद्धि करें। उन्होंने पीपीसी इनारावरण को लाभार्थियों का व्हाट्सऐप समूह बनाने तथा उसमें तसर क्षेत्र में विकसित नवीनतम तकनीकों, प्रशिक्षण सामग्री एवं उपयोगी वीडियो साझा करने का सुझाव दिया, ताकि तकनीकों का प्रभावी एवं त्वरित प्रसार किसानों तक हो सके।
श्री आशु कुमार, वैज्ञानिक-बी, सीएसबी-सीटीआरटीआई, रांची एवं बांका जिले के MRMA 2.0 नोडल अधिकारी ने किसानों के साथ संवाद कर क्षेत्र में रेशमकीट पालन एवं बीजागार के दौरान आने वाली प्रमुख समस्याओं, विशेषकर कीट एवं रोग प्रकोप के कारण होने वाली मृत्यु एवं नुकसान, पर चर्चा की।
उन्होंने वैज्ञानिक रूप से विकसित तकनीकों एवं समुचित प्रबंधन उपायों को अपनाने की सलाह दी, जिससे पालन के दौरान मृत्यु दर को कम किया जा सके तथा उत्पादकता में वृद्धि हो।
उन्होंने किसानों को केवल कोकून उत्पादन तक सीमित न रहकर तसर मूल्य शृंखला में आगे बढ़ने तथा कोकून रीलिंग को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आने वाले समय में गांव स्तर पर किसानों की सहभागिता से रीलिंग क्लस्टर विकसित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं अतिरिक्त आय के अवसर सृजित किए जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपने क्षेत्रीय अनुभव एवं समस्याएं साझा कीं तथा वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों से उनके समाधान के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों तक नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों की पहुंच सुनिश्चित करना, तसर उत्पादन में चुनौतियों का समाधान करना तथा किसानों की आय एवं आजीविका को सुदृढ़ करना रहा।
Banka, Bihar | Sep 11, 2026